Visitors

Tuesday 27 October 2015

स्वानुभव ( यथार्थ एवं रोमांचक )

जीवन में घटित कुछ चकित करने वाली घटनाओं का वर्णन --------
                                                1 

  " जो ठीक लगे वह करें।"
और अस्पताल चली गयी क्योंकि वो अस्पताल में एडमिट थे।
           सब कुछ गत-विगत हो गया। उनके जाने के बाद जैसे भी था समय बहुत ही ऊहा-पोह में व्यतीत हो रहा था।  समझ ही नहीं आरहा था कि आगे क्या होगा। आँसू बहते कभी सूखते। ऐसे में अचानक एकदिन उक्त वाक्य दिमाग में कौंधा। रोम-रोम काँप उठा,कुछ याद आया.ऐसा लगा जैसे अंदर से आवाज़ आरही हो कि अब क्यों रोरही हो तूने तो कहा था " जो ठीक लगे वो करना " .हाँ, 5 . 2 . 2013 को सुबह अस्पताल जाने से पहले भगवान के सम्मुख नतमस्तक हुई थी तब मैंने यही वाक्य बोला था और मैं चली गयी। मतलब कि क्या मुझसे किसी ने कुछ पूछा था जिसके उत्तर में मैंने ये कहा था।क्या था ये !नहीं पता। कुछ नहीं कह सकती। मन उद्विग्न हो उठा,बेचैनी सी होने लगी। थोड़ा सँभलने के बाद यह सब अपनी बहू से कहा वह तुरन्त ही बिना कुछ सोचे बोली -" ये तो संवाद है।"
                                             
                                               ******

                                                 2 

     1st.2014 अप्रेल को घटी घटना ने बुड्ढी से बूढ़ी बना दिया।सुबह पाँच बजे उठकर बाथ रूम में जाकर गरम पानी के लिए रोड की तरफ जैसे ही झुकी,हाथ बढ़ाया,कि इतने ज़ोर का धक्का लगा कि केवल दो फ़ीट की दूरी रही होगी दीवार की,उससे मेरा सर क्रिकेट बॉल की तरह ( गिरते हुए )दो बार इतने ज़ोर से टकराया कि दूसरे रूम में सो रही बहू जाग कर आई ५ मिनट तक आवाज़ देती रही  मम्मी मम्मी दरवाज़ा खोलो हमें डर लग रहा है ,क्या हुआ।मुझे बहू की कोई आवाज़ नहीं सुनाई दी,गिरते ही मैं तो किसी दूसरी ही दुनिया में थी , एकदम खुश थी, भगवान से कह रही थी हे भगवानजी,ये तो बहुत ही आसान मौत देदी।तभी बेटे की आवाज़ सुनाई दी --मम्मी मम्मी ,मैनें कहा,आई एक मिनट ( मानो अपनी  दुनिया में बापस आगयी )खिसक-खिसक कर दरवाज़े तक आई ,चिटकनी खोली,बस इसके बाद पेट की साइड में जो सीवियर पेन शुरू हुआ उसे  परिवार  ही जानता है।

    सात हफ्ते तो बिलकुल उठने की कंडीशन में नहीं थी।बहुत रोना आता था,भगवान पर  गुस्सा भी आता था  मौत देकर फिर छीनी क्यों?सोचती क्या यमराज से ही गलती होगयी या कुछ और ही था। कुछ दिन बाद पूरे शरीर से स्किन हटगई,जीभ के ऊपर के छाले या स्किन भी हटगए,हाथों के रोम भी गायब होगये ,पैर की दसो उंंगली गहरे नीले रंग की होगईं।शरीर की स्किन का कलर लाल होगया , सबकुछ मरणोपरान्त के ही लक्षण थे , ये तो पुनर्जन्म ही हुआ पर क्यों ?इस अवस्था में तो इसकी ज़रूरत भी नहीं थी।शरीर को लेकर पुनः यथावत खड़ी होगयी हूँ। न जाने कबतक के लिए।काम करती रहूँ,किसी पर भार न बनूँ ,बस यही भगवान से प्रार्थना है। 
           
            उक्त वृतान्त भले ही असहज व भ्रम-पूर्ण अविश्वसनीय प्रतीत हो किन्तु भगवान पर भरोसा है तो ये कुछ भगवान के संकेत हैं, जिन्हे समझना समझ से परे है।


                                     ***************


                                                 3 




                                                 
                 


प्रभु के संकेत


ये स्वप्न जो मुझे दिखाई दिए ,बहुत अच्छे लगे। मैंने उन्हें गम्भीरता से लिया और भगवान का आशीर्वाद माना-

17.   8.  2013
       स्वप्न में ,नींद में सुनाई देरहा था ," रथ का चक्र चलता रहे ,स्वर्ग पहुँच जाओगे।"
 16 . 8. 2013
       सोते हुए राम रक्षा स्तोत्र से श्लोक २,३,4. का मन में जप चल रहा था।
अप्रेल 2014
       स्वप्न में हनुमान चालीसा की ये पंक्तियाँ दुहरा रही थी -
      " नासे रोग हरे सब पीरा ,जपत निरन्तर हनुमत वीरा।"--और हनुमान जी का छायाभास होरहा था। तभी सीता जी ने एक मिठाई के डिब्बे में निमन्त्रण पत्र रख कर कहा ,इसे भी दे आना।

उसी दिन देखा ,विष्णु सहस्र नाम का एक श्लोक जो मुझे याद नहीं है पर उसके एक शब्द को बोलते हुए उठी। सोचती रही ये क्या है ,ढूँढा तो विष्णु सहस्र नाम के श्लोक में विष्णु जी का ही नाम बोल रही थी। श्लोक 73 -"पुण्य कीर्ति रनामय:"
१२. २. २०१४.
    एक फूल और पत्तियों की डाल और इन दोनों के बीच " श्री कृष्ण भगवान "का सुन्दर चेहरा देखा।

25. 8. 2015
   
    सुबह यह स्वप्न देखा था -कोई भक्त पूछता है "भगवन आपने अपने इतने नाम क्यों रखे हैं ?"
                                           भगवान ने उत्तर दिया " नाम मैंने नहीं रखे ,ये तो आप लोगों ने ही रखे हैं।"

              

   
 



                                                         





कुछ पौराणिक प्रसंग

           कुछ पौराणिक प्रसंग                (  १ )

  - कृष्ण भगवान स्वयं कहा है, " मैं तो होने में सहयोग करता हूँ। जो जैसा होना चाहेगा मेरा सहयोग पायेगा।  पापी को उसके पाप में सहयोग करता हूँ,उसे पाप के शिखर तक पहुँचने देता हूँ। धर्मात्मा को परमात्मा तक पहुँचने देता हूँ।मुझे जो जिस भाव से ध्याता है,उसे मैं उसी रूप में सहयोग करता हूँ। " मैं किसी की स्वतंत्रता में बाधक नहीं बनता ,जीव जैसा होना चाहता है उसको वैसा होने में मैं उसके सहयोगी की भूमिका निभाता हूँ।"

                                                       ----------------------
                                                       ( २ )
 
  -प्रश्न है कि भगवान ने गोपियों के वस्त्र क्यों चुराए ?
भगवान ने इसका उत्तर दिया -
 १ - किसी को स्नान,दान और शयन के समय निर्वस्त्र नहीं होना चाहिए। जल में गोपियाँ स्नान कर रहीं थीं ,जल के देवता वरुण हैं। और भगवान तो सर्वत्र व्याप्त हैं।
२ -एक बात महत्वपूर्ण ये कि मनुष्य के पितृ देवता सदैव उसके चारों ओर व्याप्त होते हैं ,स्नान करते समय जो जल की बूँदें गिरती हैं उन्ही से  वो अपनी प्यास बुझाते हैं अगर नग्न स्नान करेंगे तो पितृ देवता वहां से प्यासे ही चले जायेंगे।

                                                      ------------------------
                                                    ( ३ )

    -कृष्ण भगवान ने मुरली की तीन विशेषताएँ बतायीं हैं -
                               1.  वह बिना किसीके बोले बोलती नहीं है।
                               2.  वह मीठा बोलती है।
                               3. वह पोली होती है यानि उसके अंदर कोई छल नहीं होता।


                                            ----------------------
  

शिकायतें ( हास्य-व्यंग्य- एक छोटी सी सीख )


शिकायतें ( हास्य-व्यंग्य -एक छोटी  सीख )
   

   बहुत दिनों से यह चार वर्णीय " शिकायत " शब्द "भेजे" की परिक्रमा लगा रहा था। सोचा आखिर इस बहुआयामी शब्द के पोटले में है क्या !और मैंने अपनी मेज़ पर रखे हुए लेखनी के बक्से से लेखनी को निकाल कर उसीका प्रश्रय लिया। असल में इस शब्द का प्रयोग एक नहीं अनेक अर्थों में होता  रहा है। आप कभी दो व्यक्तियों का सम्वाद सुनें तो पायेंगे कि या तो वे किसी की टीका -टिप्पणी कर रहे होंगे ,या कभी किसी के उपहारों को लेकर कि वह ऐसा लाये वह वैसा लाये। और कभी किसी को प्रत्यक्ष ही कहेंगे अरे, ये सब करने की क्या ज़रुरत थी। यानि कोई करे तो क्या करे ,यहाँ तो शिकायतों का पहाड़ तैयार है।

          इसी प्रकार की शिकायतें प्रायः लोग करते ही रहते हैं ;बच्चे हैं कि पढ़ते ही नहीं हैं ,फोन पर ही लगे रहते हैं। बीवी की शिकायत कि उस पर ध्यान नहीं देता उसका पति ,घरवाली से शिकायत कि कभी समय पर तैयार नहीं होती हमेशा देर कर देती है। मतलब  कि ये "अदना" सा शब्द अपने अंदर कितना खजाना सँजोये हुए है।

                     सोचकर डब्बे से कलम निकाली ही थी कि दरवाज़े की घंटी बज गयी. अबे,अब कौन शिकायत लेकर आगया लेखनी को विराम देने। देखकर सन्तोष हुआ अपना पुराना मित्र है हँसी-ख़ुशी समय बीतेगा।पर हेलो-हाइ तो दूर खोल दिया अपना पिटारा। अरे बन्धू, तुम तो भूल ही गए, न आना न जाना न फोन, क्या करते रहते हो, कहाँ हो इतने व्यस्त ?सोचा, मौका दे तब तो बोलूँ। खैर सुनते-सुनाते दो घंटे बरबाद करके चला गया। और दिमाग तो ऐसा होगया कि कलम तो पूर्ण विराम के मूड में होगयी।

           मन किया किसी से फोन करके थोड़ा रिलैक्स फील करलूँ। और नम्बर दबा दिया, पर भैया, ये तोऔर भी बड़ी मुसीबत मोल लेली।  आवाज़ आई ओ भैया, कैसे याद आगयी इस गरीब की। मिलना-जुलना ही बन्द कर दिया तूने तो ,क्या बात है सब -ठीक -ठाक तो है किसी हैल्प की ज़रुरत हो तो बता। कोई गलती हो गयी हो तो हटा उन काले बादलों को। मिलते हैं गप-शप करते हैं ,अच्छा ऐसा कर कल आजा भाभीजी को लेकर। चल रखता हूँ देर भी बहुत होगयी है।हद होगयी, दिमाग झन-झना उठा,फोन मैंने किया और याद भी मैंने ही किया और शिकायत भी मुझीसे। कौनसे काले -पीले बादल। लगा जैसे किसी बर्र के छत्ते में हाथ डाल दिया हो। पर फोन-वार्ता से तो राहत मिल गई।इतना सुकून तो मिला।

         इतनी परेशानी में तो बीवी ही याद आती है तो लगादी बड़े प्यार से आवाज़ "-मैडमजी, ज़रा मिलेगी एक कप गरम-गरम चाय।" इसबार तो और महान गलती होगयी।आवाज़ आई,केवल एक छुट्टी मिलती है।( सोचा कोई बात नहीं बीवी है आगया होगा गुस्सा किसी बात पर ,चाय तो पिला ही देगी। ) लेकिन नहीं,सुनिए आगे भी। खुद ही बनालो। हर छुट्टी ऐसे ही निकल जाती है। न बाजार न शॉपिंग,न घूमना - घुमाना ,मुझे नहीं करना आज कुछ। ठीक है ,ठीक है। और कर भी क्या सकता हूँ.ठीक ही तो कह रही है।मेल करता हूँ बॉस को,कल की लीव लेता हूँ।बीवी खुश हो जाएगी।

           तुरन्त बॉस का जवाब !अरे काहेकी छुट्टी,अभी पिछले हफ्ते ही तो ली थी, काम नहीं करना है तो कल आकर रिज़ायन करदो। होगयी छुट्टी,कमाल होगया,कोई मज़ाक है क्या ! एक छुट्टी पर रिज़ायन। कलम फेंका एक तरफ। सोचा,रात भी होगयी है,सो तो सकता हूँ चैन से।

          तकिये पर सर रखा,सोने के लिए आँखों का नर्तन चल ही रहा था कि बज गयी फोन की घण्टी,बहिन का फोन-भैया ! कल राखी थी आप आये नहीं,भूखी-प्यासी शाम तक राह देखती रही और आप हैं कि न आपाने का फोन भी नहीं किया,कम से कम फोन तो कर देते। सास-ससुर,आपके बहनोई सब ही उलाहना देते रहे और फोन पर ही उसकी सुबुकियाँ शुरू। खैर,किसी तरह मनाया,गलती मानी तो उसे शांति मिली,और सबसे भी क्षमा-याचना करली। और अन्त में लेखनी को उठाया और टेबल पर रखे कलम के बक्से में ज्यों का त्यों सजाकर रख दिया।

                  तो भैया, ये शिकायतों का पुलिंदा तो जिंदगी में बढ़ता ही रहता है। ध्यान इस बात का रहे कि शिकायतों का पोटला,पुलिंदा,खज़ाना कितना भी भारी क्यों न होजाये,पर संबंधों में दरार न आने पाये।
                  सुनते रहिये,सुनते रहिये,क्योंकि जहाँ आपने अपना मुँह खोला,लेखनी नहीं बन्धुओ आपकी जिन्दगी रुक जाएगी।

                                                             -----------------






                                                         




       

Friday 2 October 2015

---------वो ओ ओ ओ माँ है ----


वो ओ ओ ओ माँ है -----

पहचानें इनमें से आपकी माँ कौनसी हैं और उनके प्रति श्रद्धान्वित होकर आशीर्वाद ग्रहण करें,इस योग्य बनें कि उनकी पहचान आपसे हो --

-     जो उनका पेट भर कर उन्हें महसूस भी नहीं होने देती कि पिछले कितने दिनों से उसका पेट खाली है ,वो माँ है।
-     जो सब कुछ सहकर मुस्कराती रहती है ,महसूस भी नहीं होने देती कि आज उसके साथ क्या बीती ,वो माँ
      है।
-     जो चुपके -चुपके रोती है और उन्हें अहसास भी नहीं होने देती कि उसकी आँखों के आँसू सूख चुके हैं ,वो माँ है।

-     जो उनसे अलग रह सकती है ,सर्व-समर्थ है किन्तु उन्हीं के साथ रहकर उनके सुख-दुःख का हिस्सा बनना
      चाहती है ,वो माँ है।
-     जो सारी कही-अनकही बातें सहन करती है क्योंकि वो उनके दोषों में भी गुण देख लेती है ,वो माँ है।
-     जो इस अलगाव के साथ ज़िम्मेदारी निभाती है कि पता भी नहीं लगने देती कि वह उनसे कितना प्यार करती है, वो माँ है।
-     जो दिन-भर जाने कैसे-कैसे काम करके दो जून की रोटी जुटाती है ,पता भी नहीं लगने देती कि वह क्या काम करती है ,वो          माँ है।
-    जो कभी-कभी अपमान की पीड़ा को सहने में असमर्थ अपने ही घर को छोड़ भी देती है ,वो माँ है।

-    जो उन्हें इस योग्य बनाती है ,कि भविष्य में पढाई-लिखाई ,नौकरी के लिए अलग होना पड़े तो बिना किसी दुख व परेशानी के         दूर जा सकें, वो माँ है।

-   जो अपनी बड़ी से बड़ी परेशानी उनके साथ शेयर न कर कभी उनकी उलझन नहीं बढाती ,वो माँ है।

                       माँ तूने और कितने रूप अपने अंक में छुपा रखे हैं ,उन्हें भी बतादे माँ उन्हें भी ----

                                                        धन्य है तू ,धन्य है तेरा जीवन !!

                                                         --------------


      

Wednesday 8 July 2015

मोक्ष --- एक अनोखी कल्पना ( हास्य )


एक अनोखी कल्पना  ( हास्य )

-- कभी - कभी व्यक्ति यथार्थ के चिन्तन में इतना खोजाता है कि वहाँ से निकलने को छटपटाने लगता है कि कैसे यहाँ से छुटकारा पाऊँ। ऐसी ही स्थिति  से जब एकबार मैं गुज़री तो मेरे शरारती मस्तिष्क ने सोचा आखिर इस चौरासी लाख योनियों से कैसे छुटकारा पाया जाय और तब एक अद्भुत कल्पना ने जन्म लिया  ----

सब  जानते हैं -
मोक्ष बड़ी मुश्किल है
जी करता है -
एलियन  बनकर लोगों की कल्पना में -
जीवन्त प्राणी बनूँ या -
एनीमेशन या कार्टून फिल्म का चरित्र बनूँ -
कभी चूहा ,कभी बिल्ला या खरगोश ,बन्दर ,मगर
जिन्हे सुख-दुःख का कोई ऐहसास नहीं
फिल्म ख़तम जीवन ख़तम
और इस तरह --
चौरासी लाख योनियों के
झंझट से मुक्ति पाकर मोक्ष पाजाऊँ !!
                                             ------------

Sunday 28 June 2015

- एक माँ का अहसास

 एक माँ का अहसास
            
 
माधवी लता सी 
वसन्त वाटिका में 
उछलती -कूदती इठलाती उस - 
मासूम ,अबोध बाला  को 
अपनी माँ के दुलार से लिपटे हुए
यौवन की देहलीज़ पर कदम रखते हुए
देखा है उसने !
प्रतीक्षारत ,मानो देख रही थी  
उसमें अपने ही यौवन को पलते हुए -

कि अचानक वह बाला ठिठकी 
वसंत वाटिका में मानों बहार सी आगई 
नहीं पता उस अज्ञात यौवना को "ये क्या है ?
क्यों होता है ?"
" क्या अर्थ होता है ?"पूछ बैठी अपनी " माँ "से -
माँ ने गले लगाया ,नेत्र सजल हुए ,मुस्कराई -
समझाया उसे -
" बेटा ,ये होता है
   ये होता है "मातृत्व का प्रतीक।"
   ये होता है " माँ बनने का अहसास। "
   और वह अल्हड़ बाला उड़ चली एक फूल बनने की चाह में -

उस वृद्धा के शरीर में सिहरन दौड़ गयी और
जर्जरित काया में होने लगा
कभी भी न समाप्त होने वाले अपने ही -------अहसास ! ! !

                                           ------