Visitors

Saturday 21 March 2015

 पौत्री के जन्म दिवस का समायोजन 


           पौत्री का जन्म दिवस था। वह दस साल की होने जारही थी। मन में बड़ी उमंगें थीं उसके। एक बड़ी पार्टी का आयोजन करने के लिए मचलने लगी। आकर कहने लगी दादी,पार्टी में क्या-क्या मैन्यू रखें। मैंने कहा बेटा,आजकल की पार्टी के बारे में मैं क्या बताऊँ ,तुम्हारे खाने भी तो उलटे-पुल्टे होते हैं मैं तो उनके नाम भी नहीं जानती,तुम अपने मम्मी-पापा से पूछो न ! सुन  कर दौड़ कर गई। मम्मी से पूछा उन्होंने एक-दो सुझाव दिए,फिर पापा से भी पूछा,एक-दो सुझाव उन्होंने भी दे दिये।लेकिन पौत्री को संतुष्टि नहीं हुई।  मुझे बताया दादी मुझे कुछ नहीं ठीक लगा आप ही  बताओ। मैंने उसे कहा बेटा ऐसा कर,तुम्हारे जो बहुत करीबी दोस्त हों उनसे मिलकर डिसाइड करो उनकी बात तुम्हें ज़रूर पसंद आएगी।  मेरी बात उसे एकदम भागई।
    अपने चार-पांच दोस्तों को समय देकर घर बुलाया और उन्हें अपनी समस्या बताई। उनसे विचार-विमर्श किया।सुनकर बच्चे बड़े खुश हुए ,बड़े उत्साहित हुए। पहले वैन्यू निश्चित किया कि जी आई पी मॉल में जन्म दिवस मनायेंगे ,उसके बाद मिलकर मैन्यू डिसाइड किया कि स्नैक्स में अमुक-अमुक चीज़ें होंगी। फिर बड़ा सा केक जिसे ऑर्डर देकर विशेष प्रकार का डिजाइनदार  बनवाया जायेगा। बलून भी रंग बिरंगे होने चाहिए। अब बारी थी कि समय क्या हो ,किसी ने कहा शाम छह बजे तो कोई बोला नहीं-नहीं ठण्ड होजायेगी तो कोई बोला शाम चार बजे ठीक रहेगा ,अचानक एक आवाज़ आई लंच का समय रखते हैं सन्डे है।सब बोले यही ठीक  रहेगा ,मम्मी -पापा को भी कोई प्रॉब्लम नहीं होगी। वे छोड़ भी जाएंगे और आराम से ले भी जायेंगे।
    तभी एक आवाज़ आई अरे भाई किसी को सॉफ्ट-ड्रिंक की भी याद है ,वह भी  होनी चाहिए। हम तो बच्चे हैं चाय-कॉफी थोड़े ही पीते हैं। सबने सहमति जताई बोले- अच्छी याद  दिलाई पर कौनसी ? एकदम शांति छागई सोचने लगे। और तभी  चारों तरफ से आवाज़ें आने लगी। कोई बोला-लिम्का तो कोई पैप्सी ,कोई स्प्राइट ,कोई थम्सअप ,कोई कोका-कोला कोई माज़ा सब अपनी-अपनी पसंद बोलने लगे। थोड़ी देर तो सोचा कि  बच्चों की पसंद है क्या करें। अचानक दिमाग में आया ऐसा करते हैं ,पर्चियां निकलबाते हैं जिस ड्रिंक के वोट ज्यादा होंगे उसी का ऑर्डर देंगे। ऑर्डर  देने में भी कोई मुश्किल नहीं होगी ,दूकान वाले को भी दिमाग नहीं लगाना पड़ेगा। सबने सहमति जताई। पर्चियाँ तैयार की गईं और एक प्लेट में डालकर एकबच्चे से उठवाई  गई और उसने वह मुझे दी और बोला लो दादी ,खोलो जो भी ड्रिंक्स का नाम इसमें निकलेगा हम सबको वही मंज़ूर होगा अब आप खोलिए। मैंने एकबार सबकी ओर देखा और फिर पर्ची को खोला ,उसमें नाम  निकला माज़ा । यानि सर्वाधिक बच्चों की पसंद थी माज़ा । सभी खुश।
 दूसरे दिन सारी तैयारियाँ बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ कीं। ठीक लंच के समय मन पसंद केक काटा गया। बर्थ डे गीत गाया और निराले अंदाज़ में माज़ा की बॉटल खोलकर पार्टी  का प्रारम्भ हुआ। और गिफ्ट एक्सचेंज के साथ पार्टी का समापन हुआ।आशीर्वाद के साथ बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ विदा किया। 
  उसदिन जो पार्टी का आनंद बच्चों ने उठाया हमें भी याद रहेगा।नृत्य-गान सभी ने मन को जीत लिया। 


                                        ******