Visitors

Wednesday 22 January 2014

गाँव की बेटी

गाँव की`बेटी 

सुना था गाँव की बेटी --
सारे गाँव की बेटी होती है ,

पर कैसे मानूँ
देखा है ,
आज एक मोहल्ले की  बेटी पर -
संकट का पहाड़ टूटा तो वह --
अविश्वास की पात्र बनी ,
उसकी चुप्पी को उसकी ही कमी बताया और -
उस पर होरहे अत्याचार को अपने मनोरंजन का साधन बनाया -
सारा मोहल्ला देखता रहा -
कायर डरपोक भीरु समाज से -
एक मच्छर तक नहीं आया उसका सहारा बनने।

समय गुज़रा -
दिन महीने वर्ष गुज़रे -
शुभ समय की प्रतीक्षा !
कि तभी एक और झटका -
अदालत का एक कर्मचारी दरवाज़े पर आखड़ा हुआ -
एक कागज़ पर दस्तख़त कराने।
पढ़कर हकबकी सी, ठगी सी,चीख उठी वह ,
बैठ  गई वह।
ये क्या?ऐसा क्यों ?
पैरों के नीचे से मानों ज़मीन ही खिसक गई हो -
अशक्त ,असहाय,मौन,शांत -
वह उठी,जैसे किसी अव्यक्त आवाज़ ने उसे झझोड़ा -
और कहा -अभी तो यात्रा बहुत लम्बी है -
कमज़ोर मत बनो,सँभलो -
और एक झटके से वह उठी,खड़ी हुई -
बड़े विश्वास के साथ -
मानों किसी दैवी शक्ति ने सहारा दिया हो।

देखा इधर-उधर -
कोई नहीं ,सिर्फ और सिर्फ-
आशा और विश्वास का नया उजाला -
और कठिन डगर सामने -
जिस पर चलकर उसे संघर्ष करना है।
विजयी होकर अपना भविष्य बनाना है -
कायर और भीरु समाज को मुँह तोड़ जबाव देना है।

प्रतीक्षारत वह लग गयी अपनी लम्बी लड़ाई में -
     और समय ने करवट बदली - उपस्थित हुआ एक नए रूप में 

लगा जैसे स्वप्न हो
काली रात का  वह अँधेरा जो इतना घना और लम्बा महसूस होरहा था
जो काटे नहीं कट रहा था
इतना छोटा होगया।
एक सरल और समझदार परिवार ने उसे देखा -
उससे बातें कीं उसे समझा और गले लगाया
प्यार किया,दुलारा ,सहलाया ,अपनाया
उसे सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद दिया।

         कोटिशः प्रणाम ,शतशः धन्यवाद,हे ईश्वर !  

                          -----------

Tuesday 21 January 2014

जब मैंने पब्लिक स्कूल में हिंदी पढाई ----(हास्य -व्यंग )


जब मैंने पब्लिक स्कूल में हिंदी पढ़ाई ----( हास्य-व्यंग्य )

 पढ़ाया बहुत लिखाया बहुत किन्तु मैंने सीखा यहाँ पर बहुत
हिंदी को माना पढ़ाना सरलकिन्तु यहाँ होगया पढ़ाना जटिल -
कैसे ?देखिये आगे -

        पूछा मैंने एक दिन    (सर्वनाम के पाठ में)
      " वह जाता है। "  वाक्य में "वह"कौनसा "पुरुष" है?
       उत्तर न मिलने पर प्रश्न पुनः दुहराया
       लेकिन फिर भी कोई जबाव नहीं -
       फिर लगा प्रश्न मुश्किल है -
       तो एक दो छात्रों को नाम लेकर पूछा -
       भाई कोई तो बोलो -क्या हुआ ?
       पर फिर वही चुप्पी ,वही हाल ,कोई जबाव नहीं -

तब लगा झटका कहीं अंग्रेजी के शिकार तो नहीं हैं ये ?-
फ़ौरन पूछा -भई ,पुरुष यानि "वह "कौनसा"  " पर्सन "है ?

       और तब एक नहीं -दो नहीं हो गए तीसों छात्रों के हाथ खड़े -
       एक ही स्वर में "यस मैंम इट इज़ अ थर्ड पर्सन। "----
 
सुन कर हुई हैरान -
            "अरे यह हिंदी की कक्षा है या अंग्रेजी की ?"
           
             हमने तो अंग्रेजी पढ़ी हिंदी माध्यम से,
            और ये पढ़ रहे हैं ,हिंदी अंग्रेजी माध्यम से  


                                    **

Monday 6 January 2014

अध्यापक की वेदना

अध्यापक की वेदना

एक समय था ,शिष्यों की  याद आते ही -
फ़क्र से सर ऊँचा होजाता था ;
अभिमान होने लगता था ,अपने रोज़गार पर-
इतना मान-सम्मान ,स्नेह मिलता था।
पर आज तो समय के चक्रव्यूह में वह सब कुछ मानो स्वाहा ही होगया।
आज तो वस्तु -स्थिति यह है -
कि वह बेचारा है,मास्टर है ,व्यवसायी है

नहीं जानते कि विश्व के बड़े -बड़े
वैज्ञानिकों,चिकित्सकों ,और शिक्षाशास्त्रियोँ की -
नींव डालने वाला -
वह बेचारा अध्यापक ही होता है।

नहीं जानते कि कुछ घंटे पढाने वाला अध्यापक -
कितने घंटे उसकी तैयारी करता है ?
अपने परिवार की कितनी उपेक्षा करता है ?
मनोविनोद से कितनी दूर रहता है ?
किन्तु -
इन प्रश्नों का जवाब आज केवल -

"महीने  की  पगार  पर आकर   रुक जाता  है "और -
वह बेचारा सदा बेचारा का बेचारा ही रह जाता है।
   
                      ---------------

Friday 13 December 2013

महँगाई का दर्द



महँगाई का दर्द

 होता था परिवार बड़ा , इसमें था आराम बड़ा पर
 बढ़ती महँगाई ने कर दिया इसे लघुकाय बड़ा --


        आँखों के तारे इकलौते पुत्र को  पिता ने पुकारा और -
        आह भरते हुए कहा  - बेटा ,जाओ अब   अलग करो ,
        अब इतनी सी आमदनी में हो नहीं पाता सबका ,
                                         पर आते-जाते रहना ,तुम्हारी बड़ी याद आएगी।
             
         बुढ़ापे के सहारे भाई को बुलाया और -----
         सिसकते हुएबोले - मेरे भाई ,बहू-बच्चों के साथ -
         अपना घर अलग कर लो ,खर्चा पूरा नहीं होता ---
                                           मैं मिलने आता रहूँगा,राजी-खुसी  देते रहना।
   
        रोते -रोते माँ ने दो-दिन पहले ही बच्चों के साथ आई -
       अपनी बेटी से दबी जवान में कहा -बेटी जा अब अगले-
       बरस आना ,जब बच्चों के स्कूल खुल रहे हों ,वह घर देख लेंगे -
                                        और जल्दी आना ,आने की  खबर कर देना।


"अति सर्वत्र वर्जयेत् "की उक्ति अगर सत्य नहीं होती -
तो ये प्राचीन बड़े परिवार ,टूट कर यूूँ  न बिखरते -----

                                     -------  

Friday 29 November 2013

समानता का अधिकार ( 2 ) क्रमशः ---

समानता का अधिकार ( २ ) क्रमशः --

------और जब उस मानवी ने
 क्रांतिकारी कदम उठाया ,तो कहा गया-
औरत एक अबूझ "पहेली"  है।
वह "तिरिया-चरित्र" है।
उसे आज तक कोई नहीं समझ पाया। 
औरत
क्यों ? क्यों ?
क्योंकि मनुष्य कभी उसके 'लेवल"तक पहुँच ही नहीं पाया -
या पहुँचने का प्रयास ही नहीं करता -
शायद करना चाहता भी नहीं है ,
पर  जबभी समझना चाहेगा -
तभी समझ में आजायेगा
कि वह एक "पहेली" है या
"तिरिया चरित्र" है या क्या है वह!
क्योंकि उसके सारे रूप इसी तिरिया चरित्र में ही समाये हैं।
तिरिया चरित्र का अर्थ है - स्त्री-चरित्र यानि -
समझ-बूझ रखने वाली ,उदारमना ,सुमुखी ,सुलक्षणा -
साथ ही एक दूसरा पक्ष भी है उसके चरित्र का -
उसे ही वह जान-बूझ कर  समझना ही नहीं चाहता।
यदि वह हिंसक है ,दानव है ,चालवाज़ है ,व्यसनी है ,क्रूर है ,जल्लाद है -
तो वही सारे रूप औरत  में भी हैं बल्कि इससे भी अधिक -
उसके क्रांतिकारी रूप को समझें और
पहिचानें ,जानें कि नारी क्या है !
स्वयं परमेश्वर बनो उससे पहले नारी को देवी नहीं "सम - मान  देना सीखो।
"सब समझ आजायेगा।"

                                         -----------






          

मेरे बच्चे


बच्चे होते बड़े -----

मेरे बच्चे  बड़े सयाने ,      कष्टों के हैं बड़े दीवाने 
जितना मिलता  कष्ट उन्हें, आनन्द उसी में पाते हैं ,
घबराहट का काम नहीं ,  संतुलन बनाये रखते  हैं
इसीलिये हर मुश्किल का डटकर मुकाबला करते हैं
मुश्किल और कष्ट-कठिनाई,घुटने टेक खड़े रहते ,
सबका दिल खुश करते हैं , संतोष इसी में पाते हैं।
कोई नदी-पहाड़ों में खुश,कोई खुश देश-भ्रमण में है,
संघर्षों के बीच इसी में ,जीवन का सुख पाते हैं --
           जीवन का है सत्य यही फिर   क्या  घबराना
           ईश्वर  का आशीष ,कभी  पीछे मत हटना --
           माँ का है  अति -प्यार ,कभी इसको मत खोना।
                                -----------     

Tuesday 26 November 2013

महा -प्रयाण



महा-प्रयाण !

यह तो एकदिन होना ही है क्योंकि -
मृत्यु और जीवन तो शाश्वत सत्य है 
न बचपन रहता है,न जवानी रहती है और 

न वृद्धावस्था रहेगी :
किन्तु यह अवस्था बड़ी लम्बी और भयावह होगी ,
कानों से सुनाई कम देगा  
आँखों  से दिखाई कम देगा -
जबान लड़खड़ाने लगेगी -
कोई समझने वाला नहीं होगा ,
दौड़ - भाग की दुनिया में 
पास भी बैठने वाला नहीं होगा कोई -
इसलिए अभी से सोचना होगा ----

क्रोध,लोभ, मोह व्यसन को भूलना होगा 
भक्ति,ज्ञान,सत्कर्म में ही मन लगाना होगा 
जब तक शरीर सशक्त है ,यही  श्रेष्ठ होगा -  
इसी में सच्चा आनंद मिलेगा 
चित्त को पूर्ण शांत जीवन मिलेगा। 

परमात्मा का आश्रय लेकर 
जीवन की डोर उनके हाथों सौंप कर 
उन्हें पुकारना होगा 
और तब वह स्वयं हाथ पकड़ कर 
अपने धाम लेजाएंगे 
और यह सच्चा प्रयाण ही नहीं : "महा प्रयाण होगा" !!

             ॐ शान्ति शान्ति शान्ति ----

                       ----------