Visitors

Friday, 2 October 2015

---------वो ओ ओ ओ माँ है ----


वो ओ ओ ओ माँ है -----

पहचानें इनमें से आपकी माँ कौनसी हैं और उनके प्रति श्रद्धान्वित होकर आशीर्वाद ग्रहण करें,इस योग्य बनें कि उनकी पहचान आपसे हो --

-     जो उनका पेट भर कर उन्हें महसूस भी नहीं होने देती कि पिछले कितने दिनों से उसका पेट खाली है ,वो माँ है।
-     जो सब कुछ सहकर मुस्कराती रहती है ,महसूस भी नहीं होने देती कि आज उसके साथ क्या बीती ,वो माँ
      है।
-     जो चुपके -चुपके रोती है और उन्हें अहसास भी नहीं होने देती कि उसकी आँखों के आँसू सूख चुके हैं ,वो माँ है।

-     जो उनसे अलग रह सकती है ,सर्व-समर्थ है किन्तु उन्हीं के साथ रहकर उनके सुख-दुःख का हिस्सा बनना
      चाहती है ,वो माँ है।
-     जो सारी कही-अनकही बातें सहन करती है क्योंकि वो उनके दोषों में भी गुण देख लेती है ,वो माँ है।
-     जो इस अलगाव के साथ ज़िम्मेदारी निभाती है कि पता भी नहीं लगने देती कि वह उनसे कितना प्यार करती है, वो माँ है।
-     जो दिन-भर जाने कैसे-कैसे काम करके दो जून की रोटी जुटाती है ,पता भी नहीं लगने देती कि वह क्या काम करती है ,वो          माँ है।
-    जो कभी-कभी अपमान की पीड़ा को सहने में असमर्थ अपने ही घर को छोड़ भी देती है ,वो माँ है।

-    जो उन्हें इस योग्य बनाती है ,कि भविष्य में पढाई-लिखाई ,नौकरी के लिए अलग होना पड़े तो बिना किसी दुख व परेशानी के         दूर जा सकें, वो माँ है।

-   जो अपनी बड़ी से बड़ी परेशानी उनके साथ शेयर न कर कभी उनकी उलझन नहीं बढाती ,वो माँ है।

                       माँ तूने और कितने रूप अपने अंक में छुपा रखे हैं ,उन्हें भी बतादे माँ उन्हें भी ----

                                                        धन्य है तू ,धन्य है तेरा जीवन !!

                                                         --------------


      

Wednesday, 8 July 2015

मोक्ष --- एक अनोखी कल्पना ( हास्य )


एक अनोखी कल्पना  ( हास्य )

-- कभी - कभी व्यक्ति यथार्थ के चिन्तन में इतना खोजाता है कि वहाँ से निकलने को छटपटाने लगता है कि कैसे यहाँ से छुटकारा पाऊँ। ऐसी ही स्थिति  से जब एकबार मैं गुज़री तो मेरे शरारती मस्तिष्क ने सोचा आखिर इस चौरासी लाख योनियों से कैसे छुटकारा पाया जाय और तब एक अद्भुत कल्पना ने जन्म लिया  ----

सब  जानते हैं -
मोक्ष बड़ी मुश्किल है
जी करता है -
एलियन  बनकर लोगों की कल्पना में -
जीवन्त प्राणी बनूँ या -
एनीमेशन या कार्टून फिल्म का चरित्र बनूँ -
कभी चूहा ,कभी बिल्ला या खरगोश ,बन्दर ,मगर
जिन्हे सुख-दुःख का कोई ऐहसास नहीं
फिल्म ख़तम जीवन ख़तम
और इस तरह --
चौरासी लाख योनियों के
झंझट से मुक्ति पाकर मोक्ष पाजाऊँ !!
                                             ------------

Sunday, 28 June 2015

- एक माँ का अहसास

 एक माँ का अहसास
            
 
माधवी लता सी 
वसन्त वाटिका में 
उछलती -कूदती इठलाती उस - 
मासूम ,अबोध बाला  को 
अपनी माँ के दुलार से लिपटे हुए
यौवन की देहलीज़ पर कदम रखते हुए
देखा है उसने !
प्रतीक्षारत ,मानो देख रही थी  
उसमें अपने ही यौवन को पलते हुए -

कि अचानक वह बाला ठिठकी 
वसंत वाटिका में मानों बहार सी आगई 
नहीं पता उस अज्ञात यौवना को "ये क्या है ?
क्यों होता है ?"
" क्या अर्थ होता है ?"पूछ बैठी अपनी " माँ "से -
माँ ने गले लगाया ,नेत्र सजल हुए ,मुस्कराई -
समझाया उसे -
" बेटा ,ये होता है
   ये होता है "मातृत्व का प्रतीक।"
   ये होता है " माँ बनने का अहसास। "
   और वह अल्हड़ बाला उड़ चली एक फूल बनने की चाह में -

उस वृद्धा के शरीर में सिहरन दौड़ गयी और
जर्जरित काया में होने लगा
कभी भी न समाप्त होने वाले अपने ही -------अहसास ! ! !

                                           ------









  

जीवन का मर्मस्पर्शी प्रसंग ( एक हास्य- प्रसंग )


जीवन का एक मर्मस्पर्शी प्रसंग 

जिन्दगी स्मूदली चल रही थी,
कर्त्तव्य भी ईश्वरीय - कृपा से पूरे हो चुके थे ,
बच्चों की सहायिका के रूप में जिंदगी खुशहाल थी कि
जीवन में एक अवाँछनीय बदलाव आया।

अपने फौजी बेटे के साथ जाना हुआ
तब तक मैं  " मिसेज तिवारी "और "मैम" ही थी
सब आराम ,सब सुख, एक नयी जिन्दगी नया अनुभव
नए अन्दाज़ के साथ -
कभी डाइनिंग -इन -
कभी डाइनिंग- आउट-
कभी - " टी  "तो -
कभी बड़ा खाना और
कभी विशेष कार्य- क्रम में जाना-आना।

एकबार पहाड़ों के बीच घाटियों में घूमते हुए जारहे थे
वह पल यादगार बन गया -

अचानक पीछे से एक आवाज़ आई -
"गुड-ईवनिंग "मिसेज तिवारी ",गुड-ईवनिंग"मैम -
चौंकी ,मुड़कर प्रत्युत्तर दूँ तबतक एक और आवाज़ सुनाई दी -
नमस्ते माताजी !
बहुत जल्दी ही सब कुछ समझते देर नहीं लगी -
उत्तर दिया -खुश रहो बेटा !

अभिभूत होगयी ,ओठों पर मुस्कान -
इतना बड़ा सम्मान ,गौरवान्वित होगयी
इतने सारे फौजियों की माताजी !
इसके लिए तो कोई मेहनत भी नहीं करनी पड़ी
इस "सम्बोधन "ने तो गद्गद ही कर दिया -और
एक "मधुर-सत्य "से परिचित करा दिया।

                         --------





Saturday, 27 June 2015

खाली -हाथ

खाली हाथ

विपन्नता यानि -
दुःख ,कष्ट और विषादग्रस्त जीवन ,
छुटकारा पाने का एक सुनहरी मौका !
प्रयत्नरत मानव -
आशावान ,स्वप्नदृष्टा ,उत्साह से भरपूर
भविष्य को प्रकाशमय देखने की  चाह
न कोई चिन्ता ,न परेशानी
सिर्फ और सिर्फ एक लक्ष्य और -
एक दिन सपने साकार हुए और तब
केवल सुख ही सुख !
निराशा का अन्धकार दूर -
चैन की नींद , सन्तोष ही सन्तोष !!

पर मोहग्रस्त  इन्सान को चैन में चैन कहाँ !
पुनः उठा -
एक नयी जागरूकता के साथ
एक नए संकल्प के साथ
एक नए जोश के साथ
अनेक अभाव ,अनेक महत्वाकांक्षाएँ -
और सब कुछ प्राप्त !!

लेकिन न अब कोई सुनहरी स्वप्न
न उत्साह, न आशा ,न आशा की आशा -
थका हुआ ,हताश ,पैरों में लड़खड़ाहट !!
सब दूर ,सब कुछ दूर ,बहुत दूर -
आँखों से ओझल
अब अपना कुछ नहीं !!
 रह गए खाली हाथ !!

                  -------



Saturday, 21 March 2015

 पौत्री के जन्म दिवस का समायोजन 


           पौत्री का जन्म दिवस था। वह दस साल की होने जारही थी। मन में बड़ी उमंगें थीं उसके। एक बड़ी पार्टी का आयोजन करने के लिए मचलने लगी। आकर कहने लगी दादी,पार्टी में क्या-क्या मैन्यू रखें। मैंने कहा बेटा,आजकल की पार्टी के बारे में मैं क्या बताऊँ ,तुम्हारे खाने भी तो उलटे-पुल्टे होते हैं मैं तो उनके नाम भी नहीं जानती,तुम अपने मम्मी-पापा से पूछो न ! सुन  कर दौड़ कर गई। मम्मी से पूछा उन्होंने एक-दो सुझाव दिए,फिर पापा से भी पूछा,एक-दो सुझाव उन्होंने भी दे दिये।लेकिन पौत्री को संतुष्टि नहीं हुई।  मुझे बताया दादी मुझे कुछ नहीं ठीक लगा आप ही  बताओ। मैंने उसे कहा बेटा ऐसा कर,तुम्हारे जो बहुत करीबी दोस्त हों उनसे मिलकर डिसाइड करो उनकी बात तुम्हें ज़रूर पसंद आएगी।  मेरी बात उसे एकदम भागई।
    अपने चार-पांच दोस्तों को समय देकर घर बुलाया और उन्हें अपनी समस्या बताई। उनसे विचार-विमर्श किया।सुनकर बच्चे बड़े खुश हुए ,बड़े उत्साहित हुए। पहले वैन्यू निश्चित किया कि जी आई पी मॉल में जन्म दिवस मनायेंगे ,उसके बाद मिलकर मैन्यू डिसाइड किया कि स्नैक्स में अमुक-अमुक चीज़ें होंगी। फिर बड़ा सा केक जिसे ऑर्डर देकर विशेष प्रकार का डिजाइनदार  बनवाया जायेगा। बलून भी रंग बिरंगे होने चाहिए। अब बारी थी कि समय क्या हो ,किसी ने कहा शाम छह बजे तो कोई बोला नहीं-नहीं ठण्ड होजायेगी तो कोई बोला शाम चार बजे ठीक रहेगा ,अचानक एक आवाज़ आई लंच का समय रखते हैं सन्डे है।सब बोले यही ठीक  रहेगा ,मम्मी -पापा को भी कोई प्रॉब्लम नहीं होगी। वे छोड़ भी जाएंगे और आराम से ले भी जायेंगे।
    तभी एक आवाज़ आई अरे भाई किसी को सॉफ्ट-ड्रिंक की भी याद है ,वह भी  होनी चाहिए। हम तो बच्चे हैं चाय-कॉफी थोड़े ही पीते हैं। सबने सहमति जताई बोले- अच्छी याद  दिलाई पर कौनसी ? एकदम शांति छागई सोचने लगे। और तभी  चारों तरफ से आवाज़ें आने लगी। कोई बोला-लिम्का तो कोई पैप्सी ,कोई स्प्राइट ,कोई थम्सअप ,कोई कोका-कोला कोई माज़ा सब अपनी-अपनी पसंद बोलने लगे। थोड़ी देर तो सोचा कि  बच्चों की पसंद है क्या करें। अचानक दिमाग में आया ऐसा करते हैं ,पर्चियां निकलबाते हैं जिस ड्रिंक के वोट ज्यादा होंगे उसी का ऑर्डर देंगे। ऑर्डर  देने में भी कोई मुश्किल नहीं होगी ,दूकान वाले को भी दिमाग नहीं लगाना पड़ेगा। सबने सहमति जताई। पर्चियाँ तैयार की गईं और एक प्लेट में डालकर एकबच्चे से उठवाई  गई और उसने वह मुझे दी और बोला लो दादी ,खोलो जो भी ड्रिंक्स का नाम इसमें निकलेगा हम सबको वही मंज़ूर होगा अब आप खोलिए। मैंने एकबार सबकी ओर देखा और फिर पर्ची को खोला ,उसमें नाम  निकला माज़ा । यानि सर्वाधिक बच्चों की पसंद थी माज़ा । सभी खुश।
 दूसरे दिन सारी तैयारियाँ बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ कीं। ठीक लंच के समय मन पसंद केक काटा गया। बर्थ डे गीत गाया और निराले अंदाज़ में माज़ा की बॉटल खोलकर पार्टी  का प्रारम्भ हुआ। और गिफ्ट एक्सचेंज के साथ पार्टी का समापन हुआ।आशीर्वाद के साथ बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ विदा किया। 
  उसदिन जो पार्टी का आनंद बच्चों ने उठाया हमें भी याद रहेगा।नृत्य-गान सभी ने मन को जीत लिया। 


                                        ******
           

Thursday, 5 February 2015

खट्टी -मीठी -यादें

खट्टी-मीठी यादें 

समय गुज़र  जाता  है     ,बातें    रह जाती  हैं।
समय व्यतीत करने का साधन बन जातीं   हैं।
जो  बातें पहले कड़वी लगती थीं ,
कैसी अजीब बात है ,अब वही मीठी लगतीं हैं। अबतो सब कुछ मीठा-मीठा याद आता है वह लड़ाई-झगड़ा
अब हास्य बन याद आता है। झगड़ा तो मज़ाक ही था।झगड़ा तो प्यार ही था। झगड़ा तो अधिकार ही था --
एक दूसरे पर। साथ रहने की कहानी कुछ और थी पर अलग रहने की और भी विचित्र। खैर ----

                                              **

- मैच में जब भारत जीतता तो कहते ,ये hokey  by dance ,criket by chance वाली  बात है। और मुस्करा देते।सुबह उठते ही टी वी .खोलने को कहते ,बोलते देखो राजे ,रात ही रात में मैच का क्या हुआ।

                                               ** 

-चुनाव के समय इतना एक्साइटमेंट कि बोलते टी वी  बंद मत करना पता नहीं कौन ऊपर नींचे होजाये। असल में टी वी  के बहुत शौकीन थे।

                                               **

कभी- कभी गर्मी में आकर कहते अब बस अपने हाथ की गरम-गरम आधा कप चाय पिलादो।

                                              **

कभी आकर कहते मैं पूरे घर में देख आया और तू यहां बैठी है ,ऐसे मत किया कर मैं कमज़ोर दिल का आदमी हूँ ,डर जाता हूँ। एक ही तो मेरी राजे है।

                                             **

मुश्किल ही कभी घर से बाहर निकलते और घुसते ही कहते बेकार है कहीं आना-जाना जो मज़ा अपने घर में है ,कहीं नहीं। अपनी राजे के हाथ का प्यारा-प्यारा
 खाना खाओ। बेकार है  यहां जाओ वहां जाओ।

                                            **

 कभी कहते अगर मेरी शादी तुमसे नहीं होती तो मैं तो भूखा मर जाता। 

                                             **
 
ऑफिस से लौटकर अक्सर कहते ,जैसे ही छुट्टी होती है लोग भागते हैं बस पकड़ने के लिए ,मैं उनसे कहता हूँ भाई घर जाकर चिल-पों ही ही सुननी है न ,आधा घंटे  बाद सुन लेना। इस तरह बातें करके लोगों को हँसाते जिसे लोग आज याद करते हैं।

                                                      **

एक बार गुस्से में आपा तो खोते ही थे ,बोले -मैं मर जाऊँ तो रोना मत और मैंने भी बोल दिया ,बिलकुल नहीं रोऊँगी बहुत रुला लिया अबतक। अब सोचती हूँ क्या बचकानेपन की बातें होतीं थी।

                                               **

बहुधा कहते ये मकान फिफ्टी पर्सेंट मेरा है।अब कहाँ गए ख़ुद और कहाँ  गया वह फिफ्टी पर्सेंट मकान ,न  मैं उसमें न आप। क्या था यह सब ,बकबास के अलावा।

                                                   **
     
जब कभी पानी बिजली की समस्या से मैँ दुःखी होती तो कहते देखो राजे अगर ये प्रॉब्लम सबकी है तो मैं बुरा नहीं मानता पर अगर केवल तुम्हारी है तो मैं अपनी ग़लती मान लूँगा।


                                                ** 

ख़ुद बेकार में कभी-कभी गुस्सा होते और मैं चुप होजाती तो कहते बस होगई गुस्सा, तुझे पता नहीं मेरे दिल को खोल कर देख राजे ही राजे लिखा है। मैं तो बेफ़्कूफ हूँ पता नहीं क्या-क्या बोल देता हूँ। माँफ भी कर दिया कर। और होगई बात खतम ---

                                                   **
                                                    .